Crime National Punjab

पंजाब: लोहारका रोड पर मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर हत्या

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की शनिवार को लोहारका रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए कई गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल मैड संधू को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में मैड संधू सड़क पर घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके साथी उन्हें उठाकर सड़क से दूर ले जाते नजर आ रहे हैं। घटनास्थल पर गोलियों के खोल भी पड़े दिखाई दे रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ आरोपियों की तलाश भी जारी है। एडीसीपी सिटी-2 ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन महीने पहले हुआ था विवाद

मैड संधू का करीब तीन महीने पहले निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ विवाद सामने आया था। उस दौरान निहंग पक्ष ने उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों, पहनावे और पुरानी वीडियो को लेकर आपत्ति जताई थी। उन्हें ऐसी सामग्री से दूरी बनाने की चेतावनी भी दी गई थी। विवाद के बाद मैड संधू ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने अपनी पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए खुद में बदलाव किया है और अब वह उन चीजों को दोहराना नहीं चाहते। उनका आरोप था कि पुरानी वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित कर विवाद खड़ा किया जा रहा है। अब हत्या की इस वारदात के बाद पुलिस पुराने विवाद समेत कई संभावित कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, हमले का सीधा संबंध पुराने विवाद से है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।