National Politics

CJP का CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन, 10 अक्टूबर को दिल्ली कूच का ऐलान

मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। संगठन के प्रमुख अभिजीत दिपके ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने देशभर के समर्थकों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान भी किया। दिपके ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और प्रदर्शनकारी महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और दिल्ली पुलिस को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। CJP नेता अजिंक्य शिंदे ने भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने 2025 की मतदाता सूचियों पर रोक लगाने और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को रद्द करने की मांग की। दिपके ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर कई आरोप लगाए और दावा किया कि पिछले दो वर्षों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। उन्होंने 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची में लाखों नाम जोड़े जाने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार को लेकर व्यंग्यात्मक पोस्टर और नारे लगाए गए। शिवाजी पार्क में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की गई थी। विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, गायक विशाल ददलानी और तुषार गांधी के प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहने की बात कही गई। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। CJP ने निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि SIR सहित आयोग के सभी फैसले तीनों आयुक्तों की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।