भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। टीम की इस उपलब्धि पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक खिलाड़ी को 11 लाख रुपये और टीम के प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ सदस्य को 5.5 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
भारतीय टीम ने शुक्रवार को एशियन गेम्स के महिला हॉकी फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने महिला हॉकी में 44 साल बाद एशियन गेम्स का गोल्ड हासिल किया। इससे पहले टीम ने 1982 में स्वर्ण पदक जीता था। चीन के खिलाफ मिली इस जीत से भारत ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन भी हासिल किया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता की सराहना की। ओडिशा सरकार ने कहा कि वह भारतीय हॉकी को समर्थन देने और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। ओडिशा के खेल विभाग के सचिव के अनुसार, मुख्यमंत्री की ओर से घोषित यह पुरस्कार हॉकी इंडिया द्वारा घोषित पुरस्कार के अतिरिक्त है।


