National

जनवरी 2027 में 67% तक बढ़ सकता है केंद्रीय कर्मचारियों का DA!, जानें पूरी गणना

केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर एक बार फिर बड़ी उम्मीद जगी है। मौजूदा अनुमानों के मुताबिक जनवरी 2027 में DA बढ़कर 67% तक पहुंच सकता है। हालांकि, यह अभी सरकार की ओर से की गई आधिकारिक घोषणा नहीं है। DA में अगली बढ़ोतरी का अंतिम फैसला AICPI-IW यानी औद्योगिक कामगारों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आंकड़ों के आधार पर होगा। केंद्रीय कर्मचारियों को जनवरी 2026 से 60% DA मिल रहा है। वहीं, जुलाई 2026 से लागू होने वाली अगली बढ़ोतरी में 3 से 4 फीसदी इजाफे का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे DA 63% या 64% हो सकता है।

लेबर ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में AICPI-IW 148.6 अंक था, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 154.4 अंक हो गया। सितंबर से दिसंबर 2026 तक के आंकड़े अभी जारी होने बाकी हैं। जनवरी 2027 के DA का निर्धारण जनवरी से दिसंबर 2026 के 12 महीनों के औसत AICPI-IW के आधार पर किया जाएगा। उपलब्ध आंकड़ों और मौजूदा ट्रेंड के आधार पर कुछ अनुमानों में DA 67% तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अंतिम प्रतिशत आने वाले महीनों के आंकड़ों पर निर्भर करेगा।

अगर DA 67% होता है, तो ₹18,000 की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को ₹12,060 DA मिलेगा और बेसिक+DA कुल ₹30,060 होगा। वहीं ₹25,500 बेसिक वाले कर्मचारी का DA ₹17,085 और कुल राशि ₹42,585 हो जाएगी। ₹44,900 बेसिक वेतन पर DA ₹30,083 तक पहुंच सकता है। DA में बढ़ोतरी का असर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय पर पड़ेगा। वास्तविक लाभ कर्मचारी के पे-मैट्रिक्स लेवल और बेसिक पे के अनुसार अलग-अलग होगा।