Sports

IPL 2026: खिलाड़ी के बाद अब मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे एमएस धोनी, CSK ने किया बड़ा ऐलान

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में एक नई जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने धोनी को IPL 2026 के लिए टीम का मेंटर नियुक्त किया है। इस ऐलान के साथ ही उनके खिलाड़ी के तौर पर IPL करियर के खत्म होने की चर्चाओं को भी बल मिला है। अब तक मैदान पर अपने खेल और कप्तानी से टीम को सफलता दिलाने वाले धोनी युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते दिखाई देंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी आधिकारिक घोषणा की। फ्रेंचाइजी ने अपने पोस्ट में धोनी को ऐसा खिलाड़ी बताया, जो पीढ़ियों में एक बार आता है। CSK ने कहा कि धोनी शुरू से ही टीम की यात्रा का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने फ्रेंचाइजी को कई यादगार जीत दिलाई हैं और अब अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने भी धोनी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। करीब दो दशकों से टीम ने उनके साथ जीत और मुश्किल दौर दोनों का सामना किया है।वहीं, फ्रेंचाइजी की सह-मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा कि मेंटर के रूप में धोनी का अनुभव और क्रिकेट की समझ टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। खासकर युवा खिलाड़ियों को उनके अनुभव से काफी कुछ सीखने का मौका मिलेगा।

गौरतलब है कि धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की। धोनी ने IPL में 278 मैचों की 242 पारियों में 5,439 रन बनाए हैं। वहीं, चेन्नई के लिए उनके नाम 5,314 रन और 272 मैच दर्ज हैं। अब मेंटर की नई भूमिका में उनसे टीम को आगे बढ़ाने की उम्मीद होगी।