Meta भारत में 1 अक्टूबर 2026 से WhatsApp Business Platform की प्राइसिंग में बदलाव करने जा रहा है। नए नियमों के तहत बिजनेसेज को 24 घंटे की कस्टमर सर्विस विंडो के दौरान भेजे जाने वाले कुछ यूटिलिटी मैसेजेस के लिए भी भुगतान करना होगा। यह बदलाव रेगुलर WhatsApp और WhatsApp Business ऐप पर लागू नहीं होगा।
अभी तक, कस्टमर के मैसेज के 24 घंटे के भीतर बिजनेस मुफ्त में जवाब देने के साथ ऑर्डर कन्फर्मेशन और डिलीवरी अपडेट जैसे यूटिलिटी मैसेज भेज सकते हैं। 1 अक्टूबर से इस विंडो के अंदर भेजे जाने वाले यूटिलिटी मैसेज भी चार्जेबल होंगे। भारत में इनकी दर GST से पहले 0.115 रुपये प्रति डिलीवर्ड मैसेज तय की गई है। 18% GST जोड़ने पर यह करीब 0.136 रुपये प्रति मैसेज होगी। यानी 1,000 ऑर्डर या डिलीवरी अपडेट भेजने पर लगभग 135.70 रुपये खर्च होंगे।
हालांकि, सर्विस रिप्लाई के लिए राहत जारी रहेगी। Meta हर बिजनेस फोन नंबर पर हर महीने पहले 1,000 सर्विस मैसेज मुफ्त देगा। इसके बाद अतिरिक्त मैसेज के लिए शुल्क देना होगा। उदाहरण के लिए, 1,500 सर्विस रिप्लाई भेजने वाले बिजनेस को 500 अतिरिक्त मैसेज के लिए GST समेत करीब 67.85 रुपये चुकाने होंगे।
अन्य मैसेज कैटेगरी की भी अलग दरें हैं। मार्केटिंग मैसेज के लिए GST से पहले 0.8631 रुपये और ऑथेंटिकेशन मैसेज के लिए 0.115 रुपये प्रति मैसेज की दर है। कस्टमर्स को बिजनेस को मैसेज भेजने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। साथ ही, Click-to-WhatsApp विज्ञापनों या Facebook पेज के CTA बटन से शुरू हुई बातचीत के लिए 72 घंटे की फ्री मैसेजिंग विंडो भी जारी रहेगी। इस दौरान बिजनेसेज पर Meta का मैसेजिंग चार्ज लागू नहीं होगा।


