Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में 25 सितंबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा, 351 बसों को मिलेगी हरी झंडी

मध्य प्रदेश सरकार 25 सितंबर 2026 से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत करने जा रही है। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुरुआती चरण में 351 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित, सुलभ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।

पहले चरण में सात प्रमुख शहरों—इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड—में बस सेवा शुरू होगी। कुल 351 बसों में 120 इंटरसिटी और 231 इंट्रासिटी बसें शामिल हैं। इंटरसिटी बसें अलग-अलग शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाएंगी, जबकि इंट्रासिटी बसें शहरों के भीतर यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराएंगी। योजना के तहत प्रदेश में आगे चलकर करीब 1,500 बसों के संचालन का लक्ष्य है।

सरकार की दीर्घकालिक योजना वर्ष 2031 तक 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ने की है। इसके अलावा प्रदेशभर में करीब 15,000 आधुनिक सार्वजनिक बसें संचालित करने और 180 से अधिक बस स्टैंड, टर्मिनल और डिपो को विकसित करने की योजना है। इलेक्ट्रिक बसों और स्वच्छ ईंधन को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में सात सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं। बस संचालन की निगरानी इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के जरिए की जाएगी। सरकार के मुताबिक, इस सेवा से परिवहन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ बस संचालन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा।