मौसम की जानकारी के लिए अलग-अलग वेबसाइट और ऐप्स पर निर्भरता जल्द कम हो सकती है। Google ने अपना नया AI आधारित मौसम मॉडल WeatherNext 3 पेश किया है। कंपनी के अनुसार, यह उसका अब तक का सबसे एडवांस ग्लोबल वेदर मॉडल है, जो हर घंटे मौसम का नया अनुमान तैयार करने में सक्षम है।
WeatherNext 3 रियल-टाइम मौसम डेटा के साथ जियोस्टेशनरी सैटेलाइट्स से मिलने वाली जानकारी का इस्तेमाल करता है। Google के मुताबिक, इसे Search, Gemini, Google Maps, Google Maps Platform और Google Earth Engine जैसी सेवाओं में मौसम संबंधी जानकारी को बेहतर बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
इस मॉडल की खासियत इसका हाई-रेजोल्यूशन फोरकास्ट है। यह करीब 5 किलोमीटर के रिजोल्यूशन पर तापमान और नमी जैसी जानकारी का अनुमान लगा सकता है। वहीं, जमीन से जुड़ी जानकारी करीब 10 किलोमीटर और हवा की रफ्तार जैसी वायुमंडलीय जानकारी 25 किलोमीटर के रिजोल्यूशन पर उपलब्ध कराई जा सकती है।
WeatherNext 3 तूफान, चक्रवात और अचानक होने वाली बारिश जैसी तेजी से बदलने वाली मौसमी घटनाओं की निगरानी में भी मदद कर सकता है। Google का दावा है कि यह पिछले WeatherNext 2 मॉडल की तुलना में करीब पांच गुना ज्यादा डिटेल वाली मौसम की तस्वीर देता है। इसके अलावा, मॉडल को बारिश, सोलर रेडिएशन और हवा की गति का अनुमान लगाने के लिए भी तैयार किया गया है। इससे यात्रा की योजना के साथ-साथ सोलर और विंड एनर्जी सेक्टर को भी फायदा मिल सकता है।


