National

पैलेट गन मामले में FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे राहुल गांधी, पीड़ित के साथ धरने पर बैठे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार सुबह अचानक दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पैलेट गन से घायल हुए 19 वर्षीय साहिल लोचाब और उनकी मां भी मौजूद थीं। राहुल गांधी साहिल की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं किए जाने के आरोपों को लेकर पुलिस से जवाब मांगने पहुंचे थे। थाने पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने अधिकारियों से मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने DCP से करीब 40-45 मिनट तक बातचीत की और पूछा कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया था। राहुल गांधी ने कथित घटना से जुड़े सबूत होने का भी दावा किया।

पुलिस की ओर से FIR दर्ज नहीं किए जाने की जानकारी मिलने के बाद राहुल गांधी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक साहिल की शिकायत दर्ज नहीं होती, वह धरना जारी रखेंगे। उनके साथ साहिल, उनकी मां और कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा भी धरने पर बैठीं। राहुल गांधी के पहुंचने के बाद मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया। साहिल का आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से वह घायल हुए थे। उनका कहना है कि वह अपने वकील के साथ FIR दर्ज कराने थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी से संपर्क किया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद साहिल ने राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी। राहुल गांधी इस मामले को लगातार उठा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पैलेट गन के इस्तेमाल और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर स्पष्ट जानकारी मांगी है। मामले में राहुल गांधी के मीडिया से बातचीत करने की भी संभावना जताई जा रही है।