National

सरकारी स्कूलों की बदहाली के खिलाफ 15 अगस्त से देशव्यापी अभियान चलाएगी CJP

गांवों में सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काकरोच जनता पार्टी (CJP) 15 अगस्त से देशव्यापी अभियान शुरू करेगी। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को वीडियो संदेश जारी कर अभिभावकों, सरपंचों और स्थानीय नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

दीपके ने कहा कि आजादी के 80 वर्षों बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश में नए संसद भवन और प्रधानमंत्री आवास जैसी बड़ी परियोजनाएं बनाई जा सकती हैं, तो गांवों के बच्चों के लिए बेहतर स्कूल क्यों नहीं बनाए जा सकते।

अभियान की शुरुआत दीपके अपने गांव हिंगोली, महाराष्ट्र से करेंगे। वह गांव के सरपंच से मुलाकात कर सरकारी स्कूल की स्थिति सुधारने का आग्रह करेंगे। CJP ने इस पहल को “सरपंच चैलेंज” नाम दिया है। स्कूलों में सुधार के लिए कदम उठाने वाले सरपंचों के कार्यों को पार्टी के इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरों के साथ प्रचारित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।

पार्टी ने अभिभावकों से अपने बच्चों के स्कूलों का सोशल ऑडिट करने की अपील की है। इसके तहत वे स्कूल जाकर बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की जांच कर सकेंगे और कमी मिलने पर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर सकेंगे। जल्द ही इसके लिए प्रिंट करने योग्य ऑडिट फॉर्म भी जारी किया जाएगा।