National

बंगाल में बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा? STF के हत्थे चढ़ा जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध

पश्चिम बंगाल में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बर्धमान जिले से प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हामिद मंडल के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि वह पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को निशाना बनाने की साजिश से जुड़ा हो सकता है।

सूत्रों के अनुसार, STF को आरोपी के पास से मिले मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले हैं। शुरुआती जांच में उसके आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने और संभावित हमले की योजना में शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हामिद मंडल के संबंध जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले के कथित मास्टरमाइंड सज्जाद भट से भी बताए जा रहे हैं। STF ने उसे बर्धमान के रेनेसां टाउनशिप इलाके में स्थित एक फ्लैट से देर रात गिरफ्तार किया, जहां वह पिछले कुछ महीनों से किराए पर रह रहा था।

आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां STF उसकी हिरासत की मांग कर सकती है। एजेंसी उसके संपर्कों, नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है।इससे पहले बीरभूम जिले में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। कार्रवाई के दौरान अमोनियम नाइट्रेट, जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और अन्य सामग्री जब्त की गई थी।