National

पीएम मोदी पर टिप्पणी के बाद लड़की का माफीनामा, उम्र के दावे पर उठे सवाल; पुलिस जांच जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नया मोड़ आ गया है। देर रात एक वीडियो सामने आया, जिसमें खुद को रुचिका सिंह बताने वाली एक लड़की ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री और देशवासियों से माफी मांगी। वीडियो में उसने दावा किया कि उसकी उम्र केवल 15 साल है और वह उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली है। लड़की ने कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के बहकावे में आकर उसने प्रधानमंत्री के खिलाफ गलत और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

वीडियो में रुचिका ने बताया कि वह अपनी एक दोस्त के साथ कनॉट प्लेस घूमने गई थी। इसी दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन चल रहा था, जहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे भी प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाने और आपत्तिजनक बातें कहने के लिए उकसाया। उसने स्वीकार किया कि बिना सोचे-समझे उसने वही बातें दोहरा दीं। लड़की ने अपनी गलती मानते हुए कहा कि उसे अपने व्यवहार पर पछतावा है और भविष्य में ऐसी भूल दोबारा नहीं करेगी। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि विवादित वीडियो उसने खुद सोशल मीडिया पर अपलोड नहीं किया था।

इधर, इस मामले में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पहले दर्ज जीरो एफआईआर को अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दिया गया है, क्योंकि घटना जंतर-मंतर क्षेत्र की है। जांच के दौरान लड़की के दावों पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच और स्थानीय जानकारी के मुताबिक उसका परिवार फरीदाबाद में रहता है। इसके अलावा नोएडा के सेक्टर-150 में उसके नाम पर फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई है, जिससे वीडियो में किए गए कुछ दावों और जांच में मिले तथ्यों के बीच अंतर दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को विवादित वीडियो और संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है।