दिल्ली सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। सरकार ‘महिला समृद्धि योजना’ शुरू करने जा रही है, जिसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। सूत्रों के अनुसार, योजना का औपचारिक शुभारंभ 28 अगस्त को हो सकता है और इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस योजना के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे दिल्ली की करीब 20 से 22 लाख महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष की उन महिलाओं को मिलेगा जो दिल्ली की निवासी हैं और जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख से 3 लाख रुपये के बीच है। राशन कार्ड धारक महिलाओं को प्राथमिकता मिल सकती है। वहीं सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, सरकारी पेंशन पाने वाली महिलाएं और कार मालिक इस योजना के दायरे में शामिल नहीं होंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिसमें आधार कार्ड, बैंक खाता, मोबाइल नंबर, निवास संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।


