Maharashtra National

MAHA TET परीक्षा पेपर लीक, महाराष्ट्र में 28 जून की परीक्षा स्थगित; जांच शुरू

महाराष्ट्र में 28 जून को आयोजित होने वाली महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) पेपर लीक होने के कारण स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा लगभग 4 लाख अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जानी थी, लेकिन ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र से पेपर लीक होने की सूचना सामने आने के बाद परीक्षा प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई। शिक्षा विभाग ने आधिकारिक रूप से परीक्षा को फिलहाल रद्द करने की घोषणा की है और कहा है कि नई तारीख जल्द जारी की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, भिवंडी पुलिस को 27 जून की सुबह करीब 4 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्र में गड़बड़ी की आशंका है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सदर इलाके में छापेमारी की, जहां कुछ संदिग्धों के पास से बरामद प्रश्न पत्र MAHA TET के पेपर से पूरी तरह मेल खाते पाए गए। इस कार्रवाई में परीक्षा परिषद के अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

MAHA TET परीक्षा राज्य भर के 1,428 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। इसमें लगभग 4,28,000 उम्मीदवार शामिल होने वाले थे, जिनमें से 2,26,000 से अधिक वे शिक्षक थे जो पहले से सेवा में हैं और अनिवार्य पात्रता प्राप्त करने के लिए परीक्षा दे रहे थे, जबकि बाकी अभ्यर्थी शिक्षक बनने की तैयारी में थे। पेपर लीक की इस घटना ने हजारों उम्मीदवारों के भविष्य को अनिश्चितता में डाल दिया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2025 में भी कोल्हापुर में इसी परीक्षा का पेपर लीक होने की घटना सामने आई थी, जिसने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए थे।

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह से जांच की जा रही है और नए सिरे से सुरक्षित व्यवस्था के तहत परीक्षा आयोजित की जाएगी। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।