National

1 जुलाई से बदल जाएंगे कई नियम, LPG से लेकर कारों की कीमत और क्रेडिट कार्ड तक पड़ेगा असर

1 जुलाई से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर हवाई यात्रा, क्रेडिट कार्ड, आधार सेवा और नई कारों की कीमत तक कई बदलाव लागू होने की संभावना है। हर महीने की तरह इस बार भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 1 जुलाई को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी। ऐसे में घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडर के दाम बढ़ या घट सकते हैं। इसके साथ ही एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमतें भी जारी होंगी, जिनका असर हवाई टिकटों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।

HDFC Bank के Regalia Gold Credit Card धारकों के लिए भी नया नियम लागू होगा। अब घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की मुफ्त सुविधा का लाभ उठाने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60,000 रुपये का खर्च करना अनिवार्य होगा। निर्धारित खर्च पूरा नहीं होने पर अगली तिमाही में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। आधार कार्ड उपयोगकर्ताओं को भी राहत मिलने वाली है। 1 जुलाई से आधार में ईमेल आईडी अपडेट कराने की सुविधा अगले छह महीनों तक मुफ्त रहेगी। पहले इसके लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था।

वहीं, वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए भी बड़ा बदलाव है। Kia Motors ने अपनी कारों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जबकि Tata Motors भी अपने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में करीब 1.5 प्रतिशत तक वृद्धि कर सकती है। ऐसे में 1 जुलाई से लागू होने वाले ये बदलाव आम उपभोक्ताओं के बजट और दैनिक खर्चों पर सीधा प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए नए महीने की शुरुआत से पहले इन नियमों की जानकारी रखना आपके लिए बेहद जरूरी है।