भारत अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए एक नई स्वदेशी सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल विकसित कर रहा है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की यह मिसाइल मौजूदा ब्रह्मोस मिसाइल के मुकाबले हल्की और आकार में छोटी होगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे भारतीय वायुसेना के सुखोई-30MKI लड़ाकू विमान से लॉन्च किया जा सकेगा। भविष्य में इसे तेजस लड़ाकू विमानों में भी शामिल करने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, DRDO की डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी (DRDL) इस परियोजना पर काम कर रही है। नई मिसाइल में लिक्विड फ्यूल रैमजेट तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके कम वजन के कारण सुखोई-30MKI एक साथ कई मिसाइलें ले जाने में सक्षम हो सकेगा। इससे वायुसेना की एक ही मिशन में कई लक्ष्यों पर सटीक हमला करने की क्षमता बढ़ सकती है। तकनीक के लिहाज से यह मिसाइल ब्रह्मोस और अस्त्र Mk-3 से अलग होगी। वहीं, इसका छोटा आकार और कम वजन इसे तेजस Mk-1A और तेजस Mk-2 जैसे हल्के लड़ाकू विमानों के लिए भी उपयोगी बना सकता है।
फिलहाल यह परियोजना डिजाइन से आगे बढ़कर हार्डवेयर निर्माण के चरण में पहुंच गई है। इसके स्ट्रक्चरल मॉडल तैयार किए जा रहे हैं, ताकि विमान के पाइलन और लॉन्चर सिस्टम के साथ इसकी अनुकूलता जांची जा सके। हालांकि, मिसाइल की रेंज, गति, अंतिम वजन और परीक्षण की समयसीमा को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। परीक्षण सफल होने पर यह भारतीय वायुसेना की स्वदेशी हथियार क्षमता को नई मजबूती दे सकती है।


