Punjab

CM भगवंत मान का बड़ा दावा, ‘मेरी छवि खराब करने के लिए कनाडा में बनाया गया फर्जी वीडियो’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कथित आपत्तिजनक वीडियो विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इसे उनके खिलाफ रची गई साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से कनाडा में उनकी शक्ल का मास्क पहनाकर एक फर्जी वीडियो तैयार किया गया। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पूरी योजना के पीछे राजनीतिक विरोधियों का हाथ है, जो चुनाव से पहले उन्हें बदनाम करना चाहते हैं।

मान ने दावा किया कि यह वीडियो कनाडा में जगमनदीप सिंह उर्फ जगमन समरा नामक व्यक्ति ने तैयार कराया। उन्होंने कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति को उनका मास्क पहनाकर होटल के कमरे में वीडियो शूट किया गया, जबकि उनका उस व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जगमन समरा पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन 2022 में अस्पताल से फरार होकर नेपाल के रास्ते कनाडा भाग गया। उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वीडियो में जानबूझकर धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया ताकि लोगों की भावनाएं भड़काई जा सकें। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी सामान्य होटल के कमरे में गुरु साहिबानों की तस्वीरें कैसे हो सकती हैं। उनके अनुसार यह पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई।

मान ने यह भी दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि इसी नेटवर्क ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी नकली मास्क तैयार कराने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और सभी सबूत जांच एजेंसियों को सौंपे जाएंगे। साथ ही इंटरपोल के जरिए आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे और सबूत श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष भी प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने विपक्ष पर झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सच जल्द ही सबके सामने आ जाएगा।