Maharashtra

मुंबई में CNG और PNG की कीमतों में फिर बढ़ोतरी, ऑटो-टैक्सी किराए पर दबाव बढ़ने की आशंका

मुंबई और आसपास के इलाकों में शनिवार से सीएनजी और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) उपभोक्ताओं को अधिक भुगतान करना होगा। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी के खुदरा दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और PNG के दाम में 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 29–30 मई की मध्यरात्रि से लागू हो चुकी हैं।

इस संशोधन के बाद मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई सहित पूरे महानगरीय क्षेत्र में सीएनजी की कीमत 84 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि घरेलू PNG की कीमत बढ़कर 52 रुपये प्रति SCM हो गई है। कंपनी का कहना है कि वैश्विक बाजार में गैस की आपूर्ति लागत बढ़ने, महंगे स्रोतों पर निर्भरता, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और रुपये की कमजोरी के चलते यह फैसला लेना पड़ा।

कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर शहर के करीब 12 लाख सीएनजी वाहनों पर पड़ेगा, जिनमें लगभग 2.8 लाख ऑटो रिक्शा भी शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 31 लाख घरेलू PNG उपभोक्ताओं को भी अब अधिक बिल चुकाना होगा। इससे दैनिक यात्रियों और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट प्रभावित होने की संभावना है।

ईंधन महंगा होने के बाद ऑटो और टैक्सी यूनियनों ने किराया बढ़ाने की मांग तेज कर दी है। यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि मौजूदा किराया ढांचा अब लागत के अनुरूप नहीं रह गया है और प्रति किलोमीटर किराए में वृद्धि जरूरी है। प्रस्ताव जल्द ही परिवहन विभाग को भेजा जा सकता है, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

यह मई महीने में दूसरी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 13 मई को भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि, कीमत बढ़ने के बावजूद सीएनजी अब भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में अपेक्षाकृत सस्ता ईंधन बनी हुई है।