राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मई का महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले छह दिनों तक लू जारी रहने की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम दिखाई दी। दोपहर के वक्त बाजार और सड़कें लगभग सूनी नजर आईं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन और सबसे गर्म रात साबित हुआ। राजधानी का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली का रिज इलाका सबसे अधिक गर्म रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सफदरजंग, लोधी रोड और रिज क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच जाए और सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो या फिर 45 डिग्री का आंकड़ा पार कर जाए, तब लू घोषित की जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और राजस्थान के थार रेगिस्तान से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ा रही हैं। यही कारण है कि दोपहर के समय लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास राहत की संभावना से इनकार किया है।









