Entertainment

‘आखिरी सवाल’ ट्रेलर रिलीज, 15 मई को संजय दत्त की फिल्म होगी रिलीज

अभिनेता Sanjay Dutt की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें एक प्रोफेसर और छात्र के बीच भारत के ऐतिहासिक और राजनीतिक मुद्दों पर गहरी और तीखी बहस दिखाई गई है। फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसे पहले सेंसर बोर्ड की वजह से टाल दिया गया था। फिल्म की कहानी एक कॉलेज प्रोफेसर (संजय दत्त) और उनके छात्र के बीच अकादमिक चर्चा से शुरू होती है, जो धीरे-धीरे देश के बड़े सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों तक पहुंच जाती है। ट्रेलर में 1975 की इमरजेंसी और 1992 के बाबरी मस्जिद विवाद जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का भी जिक्र किया गया है, जिन पर दोनों किरदारों के बीच तीखी बहस देखने को मिलती है।

फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है, जिन्होंने इससे पहले मराठी फिल्म पिकासो से निर्देशन में पहचान बनाई थी, जिसे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में विशेष उल्लेख मिला था। फिल्म का निर्माण निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है, जबकि इसे संजय दत्त और निखिल नंदा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी और डायलॉग उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं, म्यूजिक मोंटी शर्मा का है और गीत कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं 15 मई 2026 को ही आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ भी रिलीज हो रही है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।