पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी पांचवीं उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कल्याणी से अनुपम बिस्वास, कृष्णानगर उत्तर से तारकनाथ चटर्जी, दमदम उत्तर से सौरव सिकदर, मध्यमग्राम से अनिंद्य राजू बनर्जी और उलूबेरिया पूर्व से रुद्रप्रसाद बनर्जी को टिकट दिया गया है। साथ ही, पार्टी ने तीन सीटों के लिए अपनी पिछली सूची में संशोधन किया है। अब कौशिक सिद्धार्थ बसीरहाट उत्तर से, अभिजीत सरदार बिष्णुपुर से और शंकर सिकदर बेहाला पूर्व से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने कुल 292 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची घोषित की है। इससे पहले पहली लिस्ट में 144, दूसरी में 111, तीसरी में 19 और चौथी सूची में 13 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए थे।
पश्चिम बंगाल में सीधा मुकाबला सत्ता में काबिज टीएमसी और बीजेपी के बीच रहने की संभावना है। चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कूच बिहार में रैली करेंगे। यह मोदी की पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की पहली रैली होगी। खास बात यह है कि 2021 में बीजेपी ने कूच बिहार की 9 में से 8 सीटों पर जीत हासिल की थी, इसलिए पार्टी के लिए यह क्षेत्र रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव दो चरणों में होंगे—पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा 29 अप्रैल को। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता बंगाल दौरे पर हैं और चुनावी प्रचार-प्रसार जोर-शोर से जारी है।









