Delhi Politics

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में 1.51 लाख से ज्यादा छात्र आज करेंगे मतदान

दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में 1.51 लाख से ज्यादा छात्र मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। मतदान के बाद 19 सितंबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और मतदान केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। मतदान में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जा रहा है। छात्रों की अलग-अलग कक्षाओं के समय को देखते हुए वोटिंग दो शिफ्ट में रखी गई है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि शाम की शिफ्ट के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक मतदान कर सकेंगे।

चार केंद्रीय पदों में अध्यक्ष पद के लिए सात, उपाध्यक्ष के लिए पांच तथा सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए चार-चार उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। ABVP, NSUI, AISA-SFI गठबंधन और ASAP समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। 2025 के चुनाव में ABVP ने चार में से तीन केंद्रीय पदों पर जीत दर्ज की थी, जबकि उपाध्यक्ष पद NSUI के खाते में गया था। इस बार भी प्रमुख छात्र संगठनों के बीच मुकाबला देखने को मिल रहा है। ABVP ने सभी चार सीटों पर जीत का दावा किया है, वहीं NSUI ने छात्रों, खासकर Gen Z के बीच अपने समर्थन का दावा किया है। इस बीच चुनाव प्रचार के दौरान नॉर्थ कैंपस में हुई हिंसा का मामला दिल्ली हाई कोर्ट में भी पहुंच गया है। कोर्ट ने DU, दिल्ली पुलिस और केंद्र से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। मामले की सुनवाई आज होनी है, जिससे चुनाव प्रक्रिया पर भी नजर बनी हुई है।