National

बंगाल में 14 बांग्लादेशी गिरफ्तार, नकली आधार कार्ड और मलेशियाई करेंसी बरामद

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दिल्ली जा रही नॉर्थ-ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। इनमें चार महिलाएं और चार नाबालिग बच्चे शामिल थे। प्रारंभिक जांच में इनके पास से नकली आधार कार्ड और मलेशियाई करेंसी भी बरामद हुई। RPF इंस्पेक्टर बिप्लब दत्ता के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष सूचना के आधार पर की गई थी।

संदिग्ध व्यवहार देखने के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान पांच पुरुष, पांच महिलाएं और चार बच्चे अवैध रूप से भारत में पाए गए। गिरफ्तार लोगों ने बताया कि उनका उद्देश्य कश्मीर में काम करना था, लेकिन आगे की जांच में यह खुलासा हुआ कि वे बुल्गारिया के लिए मेडिकल वीजा हासिल करने का प्रयास कर रहे थे।

पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने देश से बाहर भेजने (deportation) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा, आउटर डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल ने अवैध प्रवासन के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की टीमें लगातार वेरिफिकेशन कर रही हैं, ताकि भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान की जा सके।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार व्यक्तियों ने भारत में रहते हुए नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बुल्गारिया में मेडिकल वीजा लेने की कोशिश की। इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश में अवैध प्रवास और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग की समस्या गंभीर रूप ले रही है। RPF और स्थानीय प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने और यात्रियों की पहचान पर कड़ी नजर रखने का भरोसा दिलाया है।