Haryana

हरियाणा: परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा, HSSC का बड़ा फैसला

हरियाणा में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने का फैसला किया है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए सरकार एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल तैयार करेगी। इस पोर्टल के माध्यम से उम्मीदवार अपनी यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकेंगे और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए फ्री बस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना के तहत राज्य के सभी 23 जिलों और 90 विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि उम्मीदवारों को दूर-दराज के शहरों में परीक्षा देने के लिए जाने की परेशानी कम हो सके। आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों को यह यात्रा सुविधा एडमिट कार्ड के माध्यम से भी उपलब्ध होगी, जिससे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। HSSC का कहना है कि इन स्थायी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा, बैठने की बेहतर व्यवस्था और सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। इस पहल से उम्मीदवारों का समय और यात्रा खर्च दोनों बचेंगे और उन्हें सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।