भारत मौसम विभाग के अनुसार होली 2026 के दौरान उत्तर भारत में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। 1 से 5 मार्च के बीच दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब सहित अधिकांश इलाकों में बारिश के कोई संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान दिन के समय तेज धूप निकलेगी, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली-NCR में मार्च के पहले सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक होगा। वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लखनऊ, वाराणसी और मथुरा-वृंदावन जैसे उत्तर प्रदेश के शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि दिनभर मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में भी तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे जैसे शहरों में दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि पहाड़ी क्षेत्रों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। शुरुआती मार्च में प्री-मॉनसून गतिविधियां भी सक्रिय नहीं दिख रही हैं, जिससे होली के दौरान उत्तर भारत में मौसम पूरी तरह से सूखा और सुहावना रहने की उम्मीद है।









