National World

भारत दौरे पर आंएगे ब्राजील के राष्ट्रपति लूला, 260 कंपनियों संग निवेश और व्यापार पर फोकस

ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा 18 से 22 फरवरी 2026 तक भारत के राजकीय दौरे पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार वे भारत के निमंत्रण पर आ रहे हैं और 19-20 फरवरी को आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI समिट में भाग लेंगे। यह उनकी छठी भारत यात्रा है, जो दोनों देशों के मजबूत होते संबंधों को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ब्राजील का दौरा किया था। राष्ट्रपति लूला के साथ करीब 260 कंपनियों के प्रतिनिधियों का बड़ा व्यापारिक दल भी भारत आ रहा है। 21 फरवरी को दिल्ली में एक प्रमुख ‘बिजनेस फोरम’ आयोजित होगा, जिसमें निवेश और व्यापार विस्तार पर चर्चा होगी। ब्राजील की व्यापार एजेंसी ApexBrasil भारत में अपना कार्यालय खोलने की तैयारी में है, ताकि भारतीय बाजार में दीर्घकालिक उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।

वर्तमान में भारत और ब्राजील के बीच लगभग 15 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार है, जिसे 2030 तक बढ़ाकर 20 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरे में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, बायोफ्यूल, फार्मा, रक्षा एवं विमानन तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे क्षेत्रों में समझौतों की संभावना है। ब्राजील एथेनॉल उत्पादन में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देशों में है, जबकि भारत जेनेरिक दवाओं और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में मजबूत स्थिति रखता है। दोनों देश ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मजबूत करने के पक्षधर हैं। संयुक्त राष्ट्र सुधार और ब्रिक्स जैसे मंचों पर सहयोग बढ़ाने की दिशा में भी यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रपति लूला की यह यात्रा भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने वाली साबित हो सकती है।