Entertainment

राजपाल यादव को मिली अंतरिम जमानत, चेक बाउंस मामले में हुई बड़ी राहत

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को उन्हें अंतरिम जमानत देने का आदेश जारी किया। यह राहत उन पर लगे 9 करोड़ रुपये के मामले में आई है, जिसमें वे कुछ समय से तिहाड़ जेल में बंद थे।

जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म के लिए एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। लोन की वापसी न होने के कारण मामला अदालत तक गया और अभिनेता सलाखों के पीछे चले गए। हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान निर्देश दिया कि अंतरिम जमानत के लिए अभिनेता को प्रतिवादी कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा करने होंगे। राजपाल के वकील ने कोर्ट को बताया कि यह राशि पहले ही ट्रांसफर कर दी गई है।

अंतरिम जमानत मिलने के साथ ही कोर्ट ने राजपाल यादव को पासपोर्ट जमा करने का भी आदेश दिया है, जिससे वह फिलहाल देश के बाहर यात्रा नहीं कर सकते। इस आदेश के तहत उनकी सजा पर रोक भी लग गई है, जो उनके लिए एक बड़ी राहत साबित हुई। हालांकि यह राहत 18 मार्च तक ही प्रभावी होगी, जिसके बाद कोर्ट मामले की अगली सुनवाई करेगा। सुनवाई में राजपाल को व्यक्तिगत रूप से या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित होना होगा।

इस केस की शुरुआत सालों पहले आई फिल्म ‘अता पता लापता’ से हुई थी। इसके बाद से ही कानूनी प्रक्रिया लंबित थी। लंबे समय तक चले संघर्ष के दौरान कई बॉलीवुड कलाकारों ने राजपाल यादव का समर्थन किया। इस निर्णय के साथ अब अभिनेता को थोड़ी राहत मिली है और वे जमानत पर जेल से बाहर आ सकेंगे।