Delhi

दिल्ली में 13 फरवरी से खेल महाकुंभ का आगाज,, 20 हजार खिलाड़ियों को मिलेगा खेल का अवसर

दिल्ली में खेलों के उत्साह का माहौल 13 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, जब राजधानी में खेल महाकुंभ 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इस महाकुंभ में सात अलग-अलग खेलों में लगभग 20 हजार खिलाड़ियों को भाग लेने का मौका मिलेगा।

दिल्ली के खेल और युवा विभाग के मंत्री आशीष सूद ने बताया कि यह आयोजन राजधानी को खेलों की राजधानी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने खेल और खिलाड़ियों को पर्याप्त समर्थन नहीं दिया, जिससे युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर सीमित रहा। अब सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की है।

खेल महाकुंभ का यह आयोजन राजधानी के 16 स्टेडियमों में फैलकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों दोनों के लिए उत्साहजनक माहौल तैयार करेगा। मंत्री आशीष सूद ने बताया कि इस महाकुंभ में भाग लेने वाली टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार और इनाम भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे खेल की प्रतिस्पर्धा और उत्साह बढ़ेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि आज इस इवेंट का मैस्कॉट भी लॉन्च किया गया, जो बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का काम करेगा। आशीष सूद ने यह साफ किया कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि दिल्ली में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाएं खोलना है।

इस महाकुंभ के माध्यम से राजधानी के युवा न केवल अपनी प्रतिभा दिखाएंगे, बल्कि खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह भी बढ़ेगा। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को एक स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करना है और इस दिशा में खेल महाकुंभ 2026 एक बड़ा कदम साबित होगा।