Entertainment

द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ का टीज़र रिलीज़, 27 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित निर्माता विपुल अमृतलाल शाह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ‘द केरल स्टोरी’ की बड़ी सफलता के बाद अब वे इसका सीक्वल ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ लेकर आ रहे हैं। हाल ही में रिलीज़ हुआ फिल्म का टीज़र और लीड अभिनेत्रियों के कैरेक्टर पोस्टर्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनकी इमोशनल और डार्क इमेजरी ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

पोस्टर्स में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया के किरदार बेहद दर्दनाक हालात में नजर आते हैं। आधा चेहरा बुर्के से ढका है, जबकि दूसरी तरफ जख्म और आंसुओं की झलक दिखाई देती है। यह प्रस्तुति फिल्म की कहानी के गंभीर और भयावह माहौल की ओर इशारा करती है।

विपुल शाह पहले भी ‘आंखें’, ‘नमस्ते लंदन’, ‘सिंह इज़ किंग’, ‘फोर्स’, ‘कमांडो’ और ‘हॉलिडे’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। सामाजिक और संवेदनशील विषयों को बड़े पर्दे पर बेबाकी से पेश करना उनकी खासियत रही है। ‘द केरल स्टोरी’ ने भी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी और पुरस्कार हासिल किए।

सीक्वल का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कमाख्या नारायण सिंह ने किया है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म पहले भाग से ज्यादा तीखी, सस्पेंस से भरपूर और मानसिक रूप से झकझोर देने वाली होगी। कहानी तीन युवतियों की जिंदगी में आए खतरनाक मोड़ और उनके संघर्ष को केंद्र में रखती है। सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।