Delhi

होली से पहले दिल्ली का अमृत उद्यान बना घूमने की परफेक्ट जगह, 31 मार्च तक मुफ्त एंट्री

अगर आप वसंत के मौसम में प्रकृति की खूबसूरती का आनंद लेना चाहते हैं, तो राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह मशहूर गार्डन आम लोगों के लिए खोल दिया गया है और 31 मार्च तक यहां एंट्री पूरी तरह निशुल्क रहेगी। हालांकि, विज़िट करने से पहले ऑनलाइन टिकट बुक करना जरूरी है। उद्यान सप्ताह में छह दिन खुला रहेगा। सोमवार को रखरखाव के कारण बंद रहेगा, जबकि होली के दिन यानी 4 मार्च को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। बाकी दिनों में लोग सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक घूम सकते हैं। अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक ही होगा।

ऑनलाइन स्लॉट पहले से बुक करना जरूरी है, क्योंकि मौके पर टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। अलग-अलग समूहों के लिए विशेष दिन भी तय किए गए हैं, जैसे रक्षा कर्मी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और दिव्यांगजन। आने-जाने की सुविधा को आसान बनाने के लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक हर आधे घंटे में शटल बस सेवा चलाई जाएगी। एंट्री और एग्जिट इसी गेट से होगी।

गार्डन में सैर करते हुए आप बाल वाटिका, बोनसाई गार्डन, बरगद गार्डन, सर्कुलर गार्डन और सेंट्रल लॉन जैसे कई आकर्षक हिस्सों को देख सकेंगे। यहां 145 से अधिक किस्मों के गुलाब, रंग-बिरंगे ट्यूलिप, झरनों वाली जलधाराएं और रिफ्लेक्सोलॉजी पथ जैसी विशेषताएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। मोबाइल फोन, छोटे बैग और पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति है। ऐसे में परिवार और दोस्तों के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने के लिए अमृत उद्यान की सैर जरूर प्लान करें।