Chandigarh Haryana

ईडी ने फर्जी क्रिप्टो निवेश कंपनी के ठगों पर किया बड़ा हमला, 18 बैंक खाते फ्रीज

चंडीगढ़में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्जी क्रिप्टो निवेश कंपनी के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 दिसंबर को 9 ठिकानों पर छापेमारी के दौरान लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ और 18 बैंक खाते फ्रीज किए गए। जांच में सामने आया कि विकास कालरा, तरुण तनेजा, कपिल कुमार और पवन कुमार ने मिलकर ‘क्रिप्टो वर्ल्ड ट्रेडिंग’ नामक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाया। इस प्लेटफॉर्म के जरिए निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराया गया।

ईडी ने बताया कि आरोपियों ने निवेशकों की रकम Binance पर क्रिप्टो वॉलेट्स और अपने निजी बैंक खातों में मंगवाई। बाद में इसे परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के खातों के माध्यम से घुमाया गया। ठगी से अर्जित पैसों का उपयोग परिवार के नाम पर संपत्तियां खरीदने में किया गया। छापेमारी के दौरान 22.38 लाख रुपये बैंक खातों से जब्त किए गए, वहीं 4 लाख रुपये नकद भी कब्जे में लिए गए। मामले की जांच हरियाणा पुलिस की एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।