Maharashtra Politics

BMC चुनाव: सीट बंटवारे पर संजय राउत का शिंदे पर हमला, बोले– BJP के सामने झुक गई शिंदे सेना

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों के लिए महायुति द्वारा सीट बंटवारे की घोषणा के बाद सियासत तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शिंदे गुट पूरी तरह भाजपा के दबाव में आ गया है। राउत ने तंज कसते हुए कहा कि अब शिंदे की शिवसेना भाजपा द्वारा दी गई सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी।

महायुति ने बीएमसी चुनावों के लिए सीटों का बंटवारा तय किया है, जिसके तहत भाजपा 137 सीटों पर और शिंदे गुट वाली शिवसेना 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने कहा कि पिछले छह दशकों में शिवसेना ने कभी किसी के सामने समझौता नहीं किया, लेकिन अब शिंदे गुट अमित शाह के सामने झुक गया है। उन्होंने इसे मराठी अस्मिता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

संजय राउत ने यह भी ऐलान किया कि शिवसेना (यूबीटी) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के साथ गठबंधन में बीएमसी चुनाव लड़ेगी और करीब 140 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इसके अलावा, एनसीपी (शरद पवार गुट) को भी सीटें देने के संकेत दिए गए हैं। बीएमसी चुनावों से पहले उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के एकजुट होने से मुंबई की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। वहीं, एनसीपी के दोनों गुटों ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों की सूचियां जारी कर चुनावी तैयारी तेज कर दी है।