इंडोनेशिया के तेज गेंदबाज गेडे प्रियंदाना ने T20I क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। बाली में खेले गए इंडोनेशिया और कंबोडिया के पहले T20I मैच में प्रियंदाना ने एक ही ओवर में 5 विकेट लेकर ऐसा कारनामा किया, जो अब तक पुरुष और महिला क्रिकेट में कभी नहीं हुआ। प्रियंदाना ने ओवर की पहली तीन गेंदों पर हैट्रिक पूरी की और आखिरी दो गेंदों पर दो और विकेट झटके। इस ओवर में कंबोडिया की टीम केवल 1 रन ही बना सकी। मैच के निर्णायक क्षण पर कप्तान ने प्रियंदाना को गेंद सौंपी और यही निर्णय मैच का टर्निंग पॉइंट बन गया।
इससे पहले T20I में लसिथ मलिंगा ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार गेंदों में चार विकेट लिए थे। लेकिन गेडे प्रियंदाना ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रचा। प्रियंदाना ने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी योगदान दिया, उन्होंने ओपनिंग करते हुए 11 गेंदों में 6 रन बनाए। गेडे प्रियंदाना का यह कारनामा न केवल इंडोनेशिया क्रिकेट, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा।









