National

PM मोदी ने देश को दी 4 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात, बोले—विकसित भारत की ओर ऐतिहासिक कदम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार सुबह वाराणसी से देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। वाराणसी रेलवे स्टेशन से यह कार्यक्रम सुबह 8:40 बजे आयोजित हुआ, जहां प्रधानमंत्री ने ट्रेन में सवार बच्चों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि “वंदे भारत ट्रेनें भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई हैं – ये विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर हैं।”

इन चार नई ट्रेनों में बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि “वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की नींव रख रही हैं।”

बनारस–खजुराहो वंदे भारत से वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। यह ट्रेन मौजूदा सेवा की तुलना में लगभग ढाई घंटे का समय बचाएगी, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों – सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और बिजनौर – को तेज़ और आरामदायक सफर से जोड़ेगी। यह यात्रा लगभग एक घंटे कम समय में पूरी होगी।

फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली से पंजाब के शहरों जैसे बठिंडा और पटियाला तक का सफर तेज़ बनाएगी, जिससे व्यापार और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी।दक्षिण भारत में एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस आईटी और औद्योगिक केंद्रों को जोड़ते हुए यात्रा समय में दो घंटे की बचत करेगी। यह ट्रेन केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच संपर्क और आर्थिक सहयोग को मजबूत बनाएगी।प्रधानमंत्री ने कहा कि “जब भारत के तीर्थ क्षेत्र वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ रहे हैं, तो यह सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और विकास का संगम है।”