प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने बुधवार को विपणन सत्र 2026-27 के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि को मंजूरी दे दी। यह कदम किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।
केंद्रीय बजट 2018-19 में घोषित नीति के अनुसार, रबी फसलों के MSP अब अखिल भारतीय भारित औसत उत्पादन लागत के कम से कम 1.5 गुना स्तर पर निर्धारित किए गए हैं। गेहूं के लिए अपेक्षित मार्जिन 109 प्रतिशत, रेपसीड और सरसों के लिए 93 प्रतिशत, मसूर के लिए 89 प्रतिशत, चने के लिए 59 प्रतिशत, जौ के लिए 58 प्रतिशत और कुसुम के लिए 50 प्रतिशत है।
एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि कुसुम के लिए 600 रुपये प्रति क्विंटल और मसूर के लिए 300 रुपये प्रति क्विंटल की गई है। वहीं, गेहूं के लिए 160 रुपये, रेपसीड और सरसों के लिए 250 रुपये, चने के लिए 225 रुपये और जौ के लिए 170 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।









