National

अहमदाबाद मेट्रो से अमरावती परियोजनाओं तक, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लिए कई बड़े फैसले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक की शुरुआत में मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार 4,399 दिन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने की उपलब्धि पर बधाई दी। इस दौरान मंत्रियों ने उनका स्वागत किया और उनके नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने एक विशेष प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री मोदी के लंबे कार्यकाल की सराहना की। प्रस्ताव में कहा गया कि यह उपलब्धि लोकतंत्र में जनता के विश्वास और निरंतर जनसमर्थन का प्रतीक है। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण कार्यक्रमों, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप इकोसिस्टम और सामाजिक विकास से जुड़े प्रयासों का भी उल्लेख किया गया।

मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुधारों और प्रशासनिक बदलावों को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया। बैठक में देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। इसके अलावा, कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के तहत लगभग छह किलोमीटर लंबे नए कॉरिडोर को मंजूरी दी। इस परियोजना में पांच नए स्टेशन बनाए जाएंगे, जिनमें एक भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा। सरकार का मानना है कि इससे एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और शहरी यातायात में सुधार होगा।

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर और आधुनिक कार्यालय परिसर के निर्माण को भी मंजूरी दी। इन परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इनके माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ प्रशासनिक सुविधाओं में भी विस्तार होगा। सरकार ने विश्वास जताया कि इन कदमों से देश के विकास को नई गति मिलेगी।