Entertainment

‘बिग बॉस 20’ की धमाकेदार वापसी, सलमान खान फिर संभालेंगे होस्टिंग की कमान

टेलीविजन का चर्चित रियलिटी शो Bigg Boss एक बार फिर अपने 20वें सीजन के साथ लौट रहा है, जिसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि दर्शकों के चहेते Salman Khan एक बार फिर होस्ट की भूमिका में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार, शो के मेकर्स नए कंटेस्टेंट्स के चयन के लिए ऑडिशन प्रक्रिया जल्द शुरू करने जा रहे हैं, जबकि कुछ पुराने लोकप्रिय प्रतिभागियों की दोबारा एंट्री की भी संभावना जताई जा रही है। इस बार शो को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं और बताया जा रहा है कि सलमान खान 21 सितंबर से इसकी शूटिंग शुरू कर सकते हैं। ‘वीकेंड का वार’ में सलमान का सख्त लेकिन प्रभावशाली अंदाज एक बार फिर दर्शकों के लिए शो का मुख्य आकर्षण रहेगा।

पिछले सीजन की सफलता के बाद ‘बिग बॉस 20’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। शो शुरू करने से पहले सलमान खान अपनी फिल्मों की शूटिंग भी पूरी करने में जुटे हैं। वे वामसी पेडिपल्ली की एक्शन फिल्म में नजर आएंगे, जिसमें साउथ सुपरस्टार नयनतारा भी अहम भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा वह निर्देशक अपूर्वा लखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में भी दिखाई देंगे, जिसमें वे कर्नल बिक्कुमल्ला संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। पहले यह फिल्म गलवान घाटी विवाद पर आधारित थी, लेकिन अब इसमें कुछ बदलाव कर चीन से जुड़े संदर्भों को हटाया गया है।