दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी समारोह में संघ के 100 वर्षों की राष्ट्रसेवा को सम्मानित करने के लिए जारी विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्का सभी राष्ट्रभक्तों के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि डॉ. हेडगेवार द्वारा रखी गई नींव से लेकर वर्तमान सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तक, सभी ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि संघ का ध्येय अनुशासन, समर्पण और मातृभूमि के प्रति निःस्वार्थ भाव से सेवा करना है। संघ के स्वयंसेवक न केवल संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहते हैं, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सद्भाव को जन-जन तक पहुंचाने में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपातकाल जैसे कठिन दौर में संघ ने लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में कार्य किया। प्राकृतिक आपदाओं और संकट की घड़ी में संघ के स्वयंसेवक बिना किसी स्वार्थ के समाज की सेवा में आगे बढ़ते हैं।
भारत सरकार द्वारा विशेष डाक टिकट और स्मृति सिक्के जारी करने पर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करते हुए रेखा गुप्ता ने संघ के स्वयंसेवकों को राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने आज दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी उपस्थित रहे।









