National

CISF की पहली महिला कमांडो यूनिट शुरू, MP में दी जा रही स्पेशल ट्रेनिंग

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने अपनी पहली महिला कमांडो यूनिट की शुरुआत कर दी है. यह यूनिट देश के प्रमुख हवाई अड्डों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा के लिए तैनात की जाएगी. मध्य प्रदेश के बरवाहा स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में इन महिला कमांडो को 8 हफ्तों की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है.

इस ट्रेनिंग में महिलाओं को लाइव फायरिंग, हथियार चलाने, रैपलिंग, जंगल सर्वाइवल, और तेज निर्णय लेने जैसी कठिन परिस्थितियों से निपटने की स्किल सिखाई जा रही है. फिलहाल, पहले बैच की ट्रेनिंग 11 अगस्त से शुरू हुई है और 4 अक्टूबर तक चलेगी. इसके बाद दूसरा बैच 6 अक्टूबर से 29 नवंबर तक ट्रेनिंग लेगा.

CISF ने बताया कि इस पहल के तहत पहले चरण में 100 महिला कर्मियों को ट्रेन किया जाएगा, जो देश के अलग-अलग एयरपोर्ट्स और यूनिट्स में कार्यरत हैं. भविष्य में इस ट्रेनिंग को स्थायी रूप से शामिल किया जाएगा. वर्तमान में CISF में 12,491 महिला कर्मी कार्यरत हैं, जो कुल बल का 8% हैं. 2026 तक इसमें 2,400 और महिलाओं की भर्ती की योजना है ताकि बल में महिलाओं की भागीदारी 10% तक पहुंच सके.