उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कैराना से सांसद इकरा हसन और सहारनपुर के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट संतोष बहादुर के बीच हुए कथित विवाद ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। सांसद ने ADM पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है और इस संबंध में मंडलायुक्त से शिकायत भी दर्ज कराई है।
मामला 1 जुलाई का है। जानकारी के अनुसार, सांसद इकरा हसन छुटमलपुर नगर पंचायत अध्यक्ष शमा परवीन के साथ क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा के लिए ADM से मिलने सहारनपुर पहुंचीं थीं। दोपहर करीब 1 बजे संपर्क करने पर पता चला कि ADM लंच पर हैं। इसके बाद वे दोबारा लगभग 3 बजे ADM कार्यालय पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान ADM ने किसी मुद्दे पर नगर पंचायत अध्यक्ष को डांट लगाई, जिस पर इकरा हसन ने हस्तक्षेप किया। इसी दौरान ADM संतोष बहादुर ने कथित तौर पर सांसद से कहा कि वे उनके कार्यालय से बाहर जाएं। इकरा हसन का आरोप है कि ADM ने यह कहते हुए उनका अपमान किया कि यह उनका दफ्तर है और वे वहां कुछ भी कहने के लिए स्वतंत्र हैं। घटना के बाद सांसद इकरा हसन ने इस पूरे मामले की शिकायत सहारनपुर मंडलायुक्त से की है और ADM के व्यवहार को जनप्रतिनिधियों के सम्मान के खिलाफ बताया है। उन्होंने इस घटना को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अब तक ADM संतोष बहादुर की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला फिलहाल जांच के दायरे में है और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज है।
