Uttar Pradesh

वृंदावन के प्रेमानंद महाराज आश्रम में बदली व्यवस्था, दीक्षा उपस्थिति अनिश्चितकाल के लिए बंद

वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में हाल ही में व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। आश्रम से जुड़े एक सेवादार ने बुधवार को श्रद्धालुओं को जानकारी दी कि प्रेमानंद महाराज की दीक्षा उपस्थिति को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही लोगों से आश्रम के बाहर भीड़ न लगाने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। यह बदलाव प्रेमानंद महाराज के शिष्य बताए जाने वाले रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध मौत के बाद सामने आया है। उनकी मौत के बाद आश्रम की व्यवस्थाओं और घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

दीक्षा उपस्थिति आश्रम की आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़ी व्यवस्था है। इसके तहत दीक्षा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन से संबंधित श्रद्धालु एवं साधक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मौजूद रहते हैं। फिलहाल इसके बंद होने से इस व्यवस्था के तहत नियमित उपस्थिति नहीं हो सकेगी। आश्रम से जुड़ी जानकारी के अनुसार, शिष्यों के ड्रेस कोड में भी बदलाव किया गया है। अब गृहस्थ जीवन या व्यवसाय से जुड़े शिष्यों के लिए सफेद या पीला अचला पहनना अनिवार्य नहीं बताया गया है। वे सामान्य कपड़े या कुर्ता-पायजामा पहन सकेंगे। वहीं आश्रम की सेवा और केली कुंज की व्यवस्था में लगे विरक्त शिष्यों के लिए सफेद वस्त्र पहनने की व्यवस्था जारी रहने की जानकारी सामने आई है।