Delhi

दिल्ली : अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़ फिल्क्स भारत। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक का कनेक्शन जहांगीरपुरी दंगों से भी है। दोनों आरोपियों के पास से 13 देसी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। ये देसी तमंचे आरोपी दिल्ली में बदमाशों को सप्लाई करते थे। दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि सलमान उर्फ लाला अवैध हथियारों के साथ सराय काले खान इलाके में आ रहा है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक ट्रैप लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। सलमान के पास से एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

क्राइम ब्रांच की पूछताछ में सलमान ने बताया कि उसने ये हथियार दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के शकील उर्फ शेरनी से प्राप्त किए थे। इसके बाद, पुलिस ने शकील को भी गिरफ्तार कर लिया। शकील के पास से 12 देसी तमंचे बरामद हुए और उसने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों और कारतूसों का मुख्य सप्लायर है।