National

‘युवा शक्ति ही विकसित भारत की नींव’: PM मोदी ने 51 हजार युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 51,000 से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उनकी भूमिका बेहद अहम होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पाने वाले युवा रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। उन्होंने युवाओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार लगातार रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत की बढ़ती वैश्विक भागीदारी का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के कई देशों के साथ बढ़ते सहयोग से भारतीय स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और युवा पेशेवरों के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं को अब वैश्विक बाजारों, आधुनिक तकनीकों और उन्नत विशेषज्ञता तक पहले से अधिक पहुंच मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दुनिया आज उन देशों का सम्मान करती है जो बड़े पैमाने पर नवाचार, निर्माण और तेज़ डिलीवरी की क्षमता रखते हैं, और भारत इन तीनों क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परिवर्तन के केंद्र में देश की युवा शक्ति है।

भविष्य की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने क्लीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, क्रिटिकल मिनरल्स और सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को रोजगार और विकास के नए इंजन बताया। उन्होंने कहा कि स्वीडन, नॉर्वे, इटली और यूएई जैसे देशों के साथ बढ़ती साझेदारियां भारत की नई अर्थव्यवस्था और औद्योगिक क्षमता को मजबूत कर रही हैं।