हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में नई कार्यकारिणी गठन को लेकर दिल्ली में पार्टी नेतृत्व की अहम बैठक हुई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में हिमाचल के छह प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, आशीष बुटेल, और सुरेश कुमार शामिल रहे। इस दौरान राहुल गांधी ने सभी नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति पर फीडबैक लिया।
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को भंग हुए एक साल पूरा हो गया है। फिलहाल केवल प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही अपने पद पर हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि अगले दस दिनों में नई कार्यकारिणी की घोषणा हो सकती है।
अध्यक्ष पद की रेस में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सबसे आगे बताए जा रहे हैं। ठाकुर चार बार विधायक रह चुके हैं और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ठाकुर राम लाल के पोते हैं। वहीं, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर और उपाध्यक्ष विनय कुमार भी दावेदारों में शामिल हैं।पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली बैठक के बाद हिमाचल कांग्रेस में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें हाईकमान पर टिकी हैं कि प्रदेश की कमान किसे सौंपी जाएगी।









