देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 21 मई को देश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल सकते हैं। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने यहां भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि राजधानी में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। बांदा में तापमान 48 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। प्रदेश के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है और 26 मई तक लू चलने की चेतावनी दी गई है।
वहीं बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। बिहार के पटना, गया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना में भी लू का असर बना रहेगा। वहीं पूर्वोत्तर भारत, अंडमान-निकोबार और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है।









