National

NEET UG 2026 रिजल्ट का इंतजार जल्द होगा खत्म, NTA ने OMR मूल्यांकन किया शुरू

नीट यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने OMR शीट के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे पहले एजेंसी ने प्रोविजनल आंसर-की जारी कर छात्रों से निर्धारित समय के भीतर आपत्तियां मांगी थीं। अब प्राप्त सभी आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, इस बार प्रोविजनल आंसर-की पर 10 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज हुई हैं। NTA की विशेषज्ञ समिति प्रत्येक आपत्ति की अलग-अलग जांच कर रही है। यदि किसी प्रश्न या उत्तर में त्रुटि पाई जाती है, तो उसे फाइनल आंसर-की में संशोधित किया जाएगा। इसके बाद OMR शीट का अंतिम मूल्यांकन पूरा होगा और उसी के आधार पर परिणाम घोषित किया जाएगा।

आमतौर पर NTA पहले फाइनल आंसर-की जारी करता है और उसके एक दिन के भीतर NEET UG का रिजल्ट घोषित कर दिया जाता है। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर ही ध्यान दें।

इस वर्ष NEET UG 2026 की परीक्षा पहले 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद 21 जून को देशभर के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 20 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए।

इस बार फिजिक्स के कुछ प्रश्न सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स से जुड़े एक प्रश्न के दो विकल्प सही हो सकते हैं, जबकि वर्नियर कैलिपर से संबंधित एक प्रश्न के सभी विकल्प गलत होने की संभावना जताई गई है। यदि विशेषज्ञ समिति इन दावों को सही पाती है, तो संबंधित प्रश्नों पर बोनस अंक या दोनों सही विकल्पों को मान्यता देने का फैसला लिया जा सकता है। हालांकि, अंतिम निर्णय NTA की विशेषज्ञ समिति की समीक्षा और फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।