National

गुजरात ATS-कोस्ट गार्ड का बड़ा ऑपरेशन, 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार; 3,000 करोड़ की ड्रग्स बरामद

भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर समुद्र में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस संयुक्त ऑपरेशन में लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में एक संदिग्ध ईरानी धौ (नाव) को रोका गया। कार्रवाई के दौरान नाव से करीब 526 किलोग्राम प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए गए और पांच पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।

बताया गया है कि भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री और हवाई निगरानी के जरिए संदिग्ध नाव पर लगातार नजर रखी। 25 सितंबर 2026 को नाव को रोककर तलाशी ली गई। बरामद नशीले पदार्थों में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार, जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है। नाव, आरोपियों और बरामद सामान को कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया, जहां विभिन्न एजेंसियां आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही हैं।

यह कार्रवाई समुद्री मार्ग से होने वाली ड्रग्स तस्करी पर निगरानी और एजेंसियों के बीच समन्वय को दर्शाती है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें भारत में कहां पहुंचाया जाना था। इससे पहले मई 2026 में भी गुजरात ATS और भारतीय तटरक्षक बल ने मुंद्रा तट के पास संयुक्त अभियान चलाकर करीब 115 किलोग्राम कोकीन बरामद की थी। 25-26 मई को हुई कार्रवाई में समुद्र से पांच बैग मिले थे, जिनमें कुल 115 पैकेट कोकीन बरामद हुई। इसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1,150 करोड़ रुपये बताई गई थी।