National

त्योहारों में कंफर्म टिकट की टेंशन खत्म! स्पेशल ट्रेनों की खाली सीटों की जानकारी SMS से देगा रेलवे

दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर से बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट का सामना करना पड़ता है। वहीं, हवाई किराए बढ़ने के कारण ज्यादातर यात्रियों की उम्मीदें रेलवे की स्पेशल ट्रेनों पर रहती हैं।

यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे ने एक नई पहल शुरू की है। अब त्योहारों के दौरान चलने वाली स्पेशल ट्रेनों में सीट उपलब्ध होने पर रेलवे संबंधित यात्रियों को मोबाइल पर SMS के जरिए इसकी जानकारी देगा। इससे यात्रियों को समय रहते ट्रेन और सीट की उपलब्धता के बारे में पता चल सकेगा और वे तुरंत टिकट बुक कर सकेंगे।

रेलवे ने इसके लिए पिछले एक साल में बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों का डेटा जुटाया है। इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। किसी रूट पर नई स्पेशल ट्रेन चलने या अतिरिक्त कोच लगाए जाने पर संबंधित यात्रियों को Bulk SMS भेजा जाएगा। मैसेज मिलने के बाद यात्री IRCTC या रेलवे काउंटर के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।

त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तर रेलवे ने इस साल अक्टूबर के मध्य से नवंबर के अंत तक करीब 1,000 अतिरिक्त ट्रेन फेरे संचालित करने की तैयारी की है। पिछले साल उत्तर रेलवे ने 5,500 से अधिक स्पेशल ट्रेन फेरे चलाकर यात्रियों के लिए अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था की थी। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, रेलवे का उद्देश्य यात्रियों तक स्पेशल ट्रेनों और उपलब्ध सीटों की जानकारी सही समय पर पहुंचाना है, ताकि त्योहारों के दौरान उन्हें टिकट बुकिंग में परेशानी न हो।