मुंबई में मानसून की पहली ही तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। लगातार हुई बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कों, अंडरपास, सबवे और रेलवे ट्रैकों तक पानी भर गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। शहर के कई हिस्सों में यातायात बाधित रहा और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए मुंबई में भारी बारिश का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही महाराष्ट्र के कई अन्य हिस्सों में भी येलो और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
लगातार बारिश के कारण मंगलवार तक कई इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई। एवरार्ड नगर का सबवे पूरी तरह पानी से भर गया, जिसके चलते उसे बंद करना पड़ा। साकी नाका और आसपास के क्षेत्रों में भी जलभराव की तस्वीरें सामने आईं, जहां सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया। अंधेरी अंडरपास की स्थिति पर बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि यहां जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है और इसका कोई स्थायी समाधान फिलहाल नहीं मिल पाया है। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए टीम तैनात की है, हालांकि कुछ वाहनों के फंसने की घटनाएं भी सामने आईं। राहत कार्य के दौरान एक रिक्शा चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बीएमसी ने बताया कि अधिकांश सबवे खुले रहे, जबकि केवल जलभराव से प्रभावित अंधेरी अंडरपास को बंद किया गया। इसके बावजूद मुंबई की लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। पश्चिमी रेलवे के अनुसार हार्बर लाइन और चर्चगेट रूट पर सुबह के व्यस्त समय में भी ट्रेन संचालन प्रभावित नहीं हुआ। बीएमसी के अनुसार, 23 जून को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे के बीच शहर में औसतन 56 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी उपनगरों में 23 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 33 मिमी बारिश हुई। रात के समय कई इलाकों में तेज बारिश के कारण स्थिति और बिगड़ गई।









