मुंबई में मोहर्रम के आशूरा जुलूस के दौरान संदिग्ध कैप्सूल बांटे जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। यह घटना रे रोड स्थित रहमताबाद कब्रिस्तान के पास हुई, जहां जुलूस में शामिल लोगों के बीच चार व्यक्ति कैप्सूल वितरित कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन कैप्सूलों का सेवन करने के बाद कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक महिला को कैप्सूल बांटने की गतिविधि पर संदेह हुआ। पूछताछ करने पर संबंधित लोगों ने दावा किया कि ये “इम्युनिटी बूस्टर” कैप्सूल हैं। हालांकि, महिला ने जब एक कैप्सूल खोलकर देखा तो उसके अंदर लाल रंग का पाउडर मिला। इससे उसका शक और गहरा गया और उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। वहीं, उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से बड़ी संख्या में कैप्सूल भी बरामद किए हैं। अब इन कैप्सूलों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनमें कौन-सा पदार्थ मौजूद था और इन्हें बांटने के पीछे क्या उद्देश्य था।
फिलहाल मामले की जांच भायखला पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक किसी जहरीले या प्रतिबंधित पदार्थ की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी। साथ ही फरार तीनों संदिग्धों की तलाश भी जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कैप्सूल बांटने वालों का मकसद क्या था और क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है।


